दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने केंद्र सरकार के 4 साल के शासन को जनता के साथ विश्वासघात की संज्ञा दी है। पार्टी कार्यालय में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में माकन के अलावा प्रदेश प्रभारी पीसी चाको, मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी, अमन पंवार, चतर सिंह, मेहदी माजिद और शिवम भगत ने आरोपों की झड़ी लगाई।
माकन ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में किसान को तंगी में जीवन जीना पड़ रहा है। दो करोड़ नौकरियां देने का वायदा भी पूरा नहीं हुआ। लेबर ब्यूरो रिपोर्ट के अनुसार, केवल 4.16 लाख नौकरियां ही दी गई। नोटबंदी के चलते 15 लाख लोगों को नौकरियां गंवानी पड़ीं।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम रिकॉर्ड तोड़ ऊंचाई पर है और मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स लगाकर 10 लाख करोड़ रुपये कमाए है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बैंकों में 11 घोटाले और भ्रष्टाचार हुए है। जिनमें 61,036 करोड़ रुपये लूट लिए गए।