केंद्र सरकार की राष्ट्रीय सुरक्षा मामले पर हुई सर्व दलीय बैठक में नहीं बुलाए जाने पर आम आदमी पार्टी ने सख्त आपत्ति जताई है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह केंद्र सरकार की छोटी मानसिकता को दिखाता है। आम आदमी पार्टी के लोकसभा में तीन व राज्यसभा में 10 सांसद हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को सबको साथ लेकर चलना होता है।
आम आदमी पार्टी ने कहा, 'हमारी प्रधानमंत्री को सलाह है कि आप इतने छोटे मन से देश के राष्ट्रीय सुरक्षा के मसलों का समाधान नहीं कर सकते। जब राष्ट्रीय सुरक्षा का मसला होता है तो वह इस बात पर निर्भर नहीं कर सकता है कि प्रधानमंत्री किस पार्टी से खुश हैं या किस पार्टी से नाराज हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के मसलों पर तो प्रधानमंत्री को सबको लेकर चलना होता है।'
सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'राष्ट्रीय सुरक्षा का मसला इस पर निर्भर नहीं करता कि प्रधानमंत्री किस से खुश हैं या नाराज हैं। इस महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक में 13 सांसदों वाली राष्ट्रीय पार्टी आम आदमी पार्टी को न बुलाना सरकार की छोटी मानसिकता को दिखाया है।'