फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका: 15 AAP पार्षदों ने दिया इस्तीफा, बागी नेताओं ने बनाई अपनी अलग पार्टी

Sat, 17 May 2025 02:26 PM IST
विजय पुंडीर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आम आदमी पार्टी को शनिवार को एक बड़ा झटका लगा। जहां 15 पार्षदों ने पार्टी छोड़ दी और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी बनाई है। नई पार्टी का नेतृत्व मुकेश गोयल करेंगे। एमसीडी में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल - फोटो : x/aap
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 15 पार्षदों ने एक साथ इस्तीफा देकर ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ बनाने की घोषणा कर दी। यह बगावत आप की आंतरिक कलह और नेतृत्व से नाराजगी का परिणाम मानी जा रही है। इस घटनाक्रम ने दिल्ली नगर निगम के राजनीतिक समीकरणों को हिलाकर रख दिया है।

विज्ञापन

आम आदमी पार्टी के लिए दिल्ली में मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। 15 पार्षदों ने एक साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ नाम से नया राजनीतिक दल बनाने का एलान किया। इस नए दल का नेतृत्व वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल करेंगे, जो पहले आप के महत्वपूर्ण नेता रहे हैं और 2021 में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे।

पार्षदों का कहना है कि आप नेतृत्व और पार्षदों के बीच संवाद की कमी, आंतरिक कलह और नगर निगम में प्रभावी काम न हो पाने की वजह से यह कदम उठाया गया। मुकेश गोयल ने कहा कि हम सत्ता में थे, फिर भी दिल्ली की जनता के लिए काम नहीं कर पाए। पार्टी में अंदरूनी मतभेदों ने हमें मजबूर किया कि हम नया रास्ता चुनें। उनके साथ हेमचंद गोयल, हिमानी जैन, रुनाक्षी शर्मा, उषा शर्मा, अशोक पांडेय, राखी यादव, साहिब कुमार, राजेश कुमार लाडी, मनीषा, सुमन अनिल राणा, देविंदर कुमार, दिनेश भारद्वाज और अन्य पार्षद शामिल हैं। हिमानी जैन ने कहा कि पिछले ढाई साल में एमसीडी में कोई ठोस काम नहीं हुआ। हमारी नई पार्टी दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी।

अभी और भी पार्षद छोड़ सकते हैं आप
राजनीति के जानकारों का मानना है कि आप के कुछ पार्षदों में नाराजगी थी कि पार्टी ने मुकेश गोयल को एमसीडी में नेता विपक्ष का पद नहीं सौंपा और उनकी जगह अंकुश नारंग को चुना। इसके अलावा हाल के मेयर चुनाव में आप द्वारा चुनाव का बहिष्कार करना भी पार्षदों के असंतोष का कारण बना। बागी पार्षदों ने दावा किया कि अभी उनके साथ 15 पार्षद हैं। भविष्य में और लोग नए दल में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन

आप के लिए बड़ा नुकसान
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम आप के लिए बड़ा नुकसान है। 2022 के एमसीडी चुनाव में आप ने 250 में से 134 वार्ड जीते थे, लेकिन हाल में कुछ पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने और अब 15 पार्षदों की बगावत ने पार्टी की स्थिति को कमजोर कर दिया है। नए दल ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ ने दावा किया है कि वह दिल्ली के विकास को प्राथमिकता देगी और ऐसी पार्टी का समर्थन करेगी जो जनता के हित में काम करे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें