आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा के साथ सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव कराने के विचार को सिरे से खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि एक देश, एक चुनाव का विचार लागू होने से देश के लोकतांत्रिक ढांचे व संघवाद पर खतरा पैदा हो जाएगा।
लॉ कमीशन के चेयरमैन व सदस्यों से मुलाकात के बाद आप नेता आशीष खेतान ने कहा कि पार्टी इस बारे में विस्तृत दस्तावेज कमीशन को सौंपेगी। इसमें पार्टी के रुख का सिलसिलेवार ढंग से ब्योरा होगा।
इससे पहले बीते 14 जून को लॉ कमीशन ने सभी दलों को पत्र लिखकर इस मसले पर राय मांगी थी। आशीष खेतान ने रविवार को बताया कि उनकी लॉ कमीशन से मुलाकात हुई।
कमीशन को बता दिया गया है कि आप इस तरह के विचार को खारिज करती है। पार्टी का मानना है कि यह संसदीय लोकतंत्र को खत्म करने जैसा होगा। यह संविधान के बुनियादी ढांचे को खत्म कर देगी। उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही इस बारे में विस्तृत दस्तावेज कमीशन को सौंपेगी।