पलवल। जिले के गांव मंडकौला में शराब ठेकेदार के साझेदार पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव किशोरपुर निवासी सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका और उसके मामा का साझेदारी में शराब का ठेका है। करीब 25 दिन पहले गांव मंडकौला निवासी मार्शल अपने एक साथी के साथ ठेके पर आया था और अंग्रेजी शराब की दो बोतल लेकर बिना पैसे दिए चला गया। विरोध करने पर आरोपी ने खुद पर कई मुकदमे दर्ज होने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार की रात आरोपी ने पंचायत वाटिका के पास बातचीत के बहाने बुलाया। वहां मार्शल, उसका भाई भूरा और 5 से 6 अन्य युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि आरोपियों ने सुमित और उसके साथी अरुण को गाड़ी से नीचे उतारकर लोहे की रॉड, डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूट लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में पसलियां और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।