-पश्चिम विहार वेस्ट इलाके की घटना, लोगों ने मौके पर एक हमलावर को पकड़कर की पिटाई
-पुलिस ने पीड़ित के बयान पर केस कर आरोपी को किया गिरफ्तार, भागे हुए एक आरोपी की कर रही है तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में झगड़े के दौरान बीच बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। हमलावर ने युवक नीरज को चाकू से गोदकर घायल कर दिया। वहीं हमले में नीरज का दोस्त भी घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का केस किया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। 27 साल का प्रीतम सपरिवार ज्वालापुरी में रहता है। वह मुंडका स्थित कूलर बनाने की फैक्टरी में काम करता है। पश्चिम विहार वेस्ट थाने में दर्ज प्राथमिकी में प्रीतम ने बताया कि 4 मार्च की शाम वह अपने दोस्त नीरज, राजकुमार और मंटू के साथ नांगलोई निवासी दोस्त दीपू के घर होली खेलने जा रहे थे। रोहतक रोड नाले पर बनी झुग्गियों के पास उसे पुराना दोस्त सौरभ मिला। वह बातचीत करने लगा। बातों बातों में उनके बीच कहासुनी हो गई। वह भी साथ चलने लगा। पीर बाबा के पास सौरभ ने अपने साथी को आवाज लगाई। वह डंडा लेकर आया और उसने प्रीतम के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे वह नीचे गिर गया। नीरज ने बीच बचाव की कोशिश की, इसी दौरान सौरभ ने जेब से चाकू निकालकर उसके पेट में घोंप दिया। नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया।