-आनंद पर्वत इलाके की घटना, पीड़ित पर हत्या का मामला दर्ज, जेल में आरोपी से हुई थी दोस्ती
-पुलिस आरोपी, उसके बेटे और उसके दोस्तों की तलाश में दे रही है दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आनंदपर्वत इलाके में जेल जाने से मना करने पर एक व्यक्ति ने अपने बेटे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। पहचान 33 साल के राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। राहुल पर हत्या का मामला दर्ज है और उसकी तिहाड़ जेल आरोपी से दोस्ती हुई थी। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर गंभीर चोट पहुंचाने का केस किया है। राहुल गुप्ता अपने भाई और भाभी के साथ बलजीत नगर में रहता है। वह टैंक रोड पर मार्केट में जींस के कपड़े की सप्लाई करता है। आनंद पर्वत थाने में दर्ज प्राथमिकी में राहुल ने बताया कि 2012 में प्रसाद नगर में हुई एक हत्या का आरोप उसपर है। इस मामले में वह तिहाड़ के जेल नंबर चार और पांच में बंद रहा था। पिछले साल उसे इस मामले में अदालत से जमानत मिली थी। बलजीत नगर में छोला भटूरा बेचने वाले राजू से उसकी दोस्ती तिहाड़ के जेल नंबर चार में हुई थी। वह भी किसी मामले में जेल में बंद था। राहुल ने बताया कि 4 मार्च को राजू उसके घर के बाहर आया था, जहां उसकी मुलाकात हुई। राजू ने उससे दोबारा जेल चलने को कहा था, पर वह नहीं माना।