- मॉडल टाउन इलाके की घटना, घर में महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर दो दोस्तों के साथ वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मॉडल टाउन इलाके में बढ़ई का काम कर चुके एक युवक ने महिला के घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाश ने नशे की लत को पूरा करने के लिए अपने दाे साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीनों आरोपियों के गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लूटी गई सोने की चूड़ियां और एक सोने की अंगूठी बरामद कर ली।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जहांगीरपुरी निवासी मुकेश, अमर और गोविंद के रूप में हुई है। 7 नवंबर को पुलिस को मॉडल टाउन थाना पुलिस को एक मकान में लूटपाट की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि मुकेश नाम का युवक उनकी बुआ रीता कोचर के घर में कुछ दिन पहले काम किया था। करीब 4:10 बजे वह दो अन्य साथियों के साथ घर आया और काम करने लगा। कुछ देर बाद उनमें से एक ने पीड़िता को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया जिससे वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो उसने देखा कि उसकी सोने की चूड़ियां और अंगूठी गायब थी। बदमाशाें ने उनके हाथ चुन्नी से बांधे हुए थे। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अशोक गिरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। 9 नवंबर को पुलिस ने तकनीकी जांच कर बदमाशों को आदर्श नगर स्थित झील वाले फ्लैट्स से गिरफ्तार कर लिया।
मुकेश ने बताया कि वह बढ़ई का काम करता है और पहले पीड़िता के घर पर काम कर चुका था। उसे पता था कि दिन के समय पीड़िता घर पर अकेली रहती है। इस बात का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।