पुलिस के मुताबिक प्रशांत अपने परिवार के साथ गौतम विहार, न्यू उस्मानपुर में रहता था। इसके परिवार में पिता प्रेम कुमार और मां शशि हैं। प्रशांत अपने पिता के साथ लेंटर की शटरिंग का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से प्रशांत अपने दोस्तों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गया हुआ था। सोमवार को ही वह लौटा था।
बुधवार दोपहर के समय प्रशांत के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर प्रशांत अकेला था। इस बीच उसने फांसी लगा ली। परिजन वापस लौटे तो उन्हें बेटा फंदे से लटका मिला। घर में कोहराम मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रशांत के शव को फंदे से उतारा। प्रशांत ने साड़ी का फंदा बनाकर जान दी थी।
छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। उसके मोबाइल की जांच की गई तो पता चला कि आत्महत्या से पहले प्रशांत ने एक युवती को कॉल की थी। पूछताछ करने पर पता चला कि युवती और प्रशांत की गहरी दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे से प्यार भी करते थे। अक्सर दोनों फोन पर बातचीत भी करते थे। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद से प्रशांत तनाव में चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी दबाव की वजह से प्रशांत ने यह कदम उठाया। पुलिस उसके दोस्तों व अन्य मिलने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।