उत्तम नगर की घटना, 13 को हुई थी मौत, 16 जुलाई को चचेरे भाई-भाभी पर लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में एक युवक की घर में करंट लगने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार वालों ने पहले किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया लेकिन तीन दिन बाद मृतक के भाई ने अपने चचेरे भाई-भाभी समेत कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को टीम को माता रूपरानी मग्गो अस्पताल से एक युवक के करंट लगने से मौत की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। मृतक की शिनाख्त ओम विहार निवासी करण देव (36) के रूप में हुई। परिवार वालों ने बताया कि एक्सटेंशन तार कटा हुआ था जिसके संपर्क में आने से करण देव को करंट लगा। उस समय परिवार के सदस्यों ने कोई आरोप नहीं लगाया और पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई।
हालांकि, मृतक की उम्र और संदिग्ध मौत को देखते हुए पुलिस ने पुलिस ने अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया। 16 जुलाई को मृतक का भाई कुणाल थाने पहुंचा और अपने भाई की मृत्यु के संबंध में संदेह जाहिर किया। उसने अपने चचेरे भाई और भाभी पर शक जाहिर किया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।