चिराग दिल्ली में वन्यजीव, आईआईटी में साइंस कॉर्नर और पंजाबी बाग में योगशाला सुरक्षा के लिए बनेंगे 400 से 500 पुलिस बूथ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में फ्लाईओवरों के नीचे खाली पड़ी जगहों को अब कला, विज्ञान, प्रकृति और योग से जोड़कर आकर्षक सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष थीम के तहत सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है।
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे वन्यजीवों और प्रकृति की झलक दिखेगी, आईआईटी दिल्ली में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ा साइंस कॉर्नर बनेगा, जबकि पंजाबी बाग में योगशाला विकसित की जाएगी। इसके अलावा शहरभर में फ्लाईओवरों के नीचे 400 से 500 पुलिस बूथ बनाने की भी योजना है।
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बृहस्पतिवार को चिराग दिल्ली और आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर का दौरा कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। योजना का उद्देश्य उपेक्षित जगहों का बेहतर इस्तेमाल करने के साथ राजधानी की सुंदरता बढ़ाना और सार्वजनिक स्थलों को उपयोगी बनाना है।
छह स्थानों पर दिखेगी अलग-अलग थीम
10 दिसंबर 2025 को हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पांच फ्लाईओवरों और अरबिंदो मार्ग के एक हिस्से को गोद लिया है। कंपनी तीन साल तक इन स्थलों के रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएगी। इसके लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का इस्तेमाल किया जा रहा है।
-योजना के तहत चिराग दिल्ली में वन्यजीवों से जुड़ी कलाकृतियां और इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे। आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की थीम विकसित होगी। पंजाबी बाग में योग को बढ़ावा देने वाली जगह तैयार की जाएगी। वहीं, पंचशील फ्लाईओवर पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की झलक दिखेगी, मुकरबा चौक पर इंटर ट्रांजिट हब विकसित होगा और अरबिंदो मार्ग पर रंग-बिरंगी कलाकृतियों से आसपास के क्षेत्र को नया रूप दिया जाएगा।
सुरक्षा के लिए बनेंगे 500 तक पुलिस बूथ
सौंदर्यीकरण के साथ पीडब्ल्यूडी फ्लाईओवरों के नीचे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रहा है। विभाग दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर अपने फंड से 400 से 500 पुलिस बूथ बनाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद इन्हें दिल्ली पुलिस को सौंप दिया जाएगा। इससे व्यस्त चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और जरूरत के समय लोगों को सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
-
मैं चाहता हूं कि फ्लाईओवरों के नीचे की जगह का इस्तेमाल दिल्लीवासियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हो। सरकार कंपनियों के साथ साझेदारी कर इन स्थलों के सौंदर्यीकरण और नियमित रखरखाव पर काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि खाली पड़े हिस्सों को आकर्षक सार्वजनिक स्थलों में बदला जाए और पुलिस बूथों के जरिये सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हो।
-प्रवेश साहिब सिंह, लोक निर्माण मंत्री