कापसहेड़ा इलाके में सात साल के मासूम की उसकी मामी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक बच्चे की मां के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है। आरोपी महिला ने पूछताछ में बताया कि उसे शक था कि बच्चे की मां उसके माता-पिता और भाई की हत्या कर देगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृत बच्चे की शिनाख्त शिवम (7) के रूप में हुई है। शिवम की मां सोनी अपनी भाभी प्रियंका, उसके परिजनों व भाई के साथ कापसहेड़ा इलाके में रहती है। सोनी ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल को शिवम अपनी मामी के साथ घर में टीवी देख रहा था। उस दौरान सोनी रसोई में खाना बना रही थी। रात नौ बजे प्रियंका ने कमरे को अचानक बंद कर लिया। कमरे से शिवम की जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगी।
घर में मौजूद लोगों ने दरवाजा खटखटाया और प्रियंका से दरवाजा खोलने के लिए कहने लगे, लेकिन प्रियंका ने दरवाजा नहीं खोला। उसके परिवार वाले और सोनी शिवम को छोड़ने के लिए कहते रहे लेकिन प्रियंका पर कोई असर नहीं हुआ। प्रियंका ने कहा कि शिवम की मां उसके माता-पिता और भाई की हत्या करने आई है।
इस बीच परिवार का एक सदस्य दरवाजे के ऊपर लगी ग्रिल के जरिये कमरे के भीतर गया और दरवाजा खोल दिया। शिवम जमीन पर अचेत पड़ा था और प्रियंका उसके पास खड़ी थी। परिवार वाले शिवम को लेकर अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।