नई दिल्ली। पशु चिकित्सा विज्ञान का छात्र ऑनलाइन घर पर बैठे पैसे कमाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस 20 साल के छात्र को राजस्थान के करौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों को सोशल मीडिया खासकर इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देता था।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि जिले की साइबर थाना पुलिस को 29 अप्रैल, 2026 को धोखाधड़ी की जानकारी मिली थी। दिल्ली के सीताराम बाजार में रहने वाले पीड़ित ने शिकायत दी कि उनसे 35 हजार के करीब ठगी की गई है। मामला साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगराज दलाल व एसआई गौरव ने जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने करौली जिले से अनुज मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह राजस्थान के नोहर स्थित पशुधन अनुसंधान केंद्र में पशु चिकित्सा विज्ञान का छात्र है। उसने बताया कि उसकी दोस्ती गणेश शर्मा उर्फ प्रिंस उर्फ गोलू से हुई थी, जिसने उसे एक आलीशान जीवन शैली जीने के लिए पैसे जुटाने के वास्ते साइबर-धोखाधड़ी के तरीकों से परिचित कराया था।