सरिता विहार में बाइक को मारी थी टक्कर, भागते समय ओखला में पलटा ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में रविवार तड़के बाइक सवार युवकों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहा एक ट्रक ओखला इलाके में डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक लोकेन्द्र (32) की मौत हो गई। वहीं घायल बाइक सवार दोनों युवकों की हालत स्थिर है। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने ट्रक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ट्रक चालक लोकेंद्र के शव का पोस्टमॉर्टम कर उनके परिजनों को सौंप दिया था। ओखला औद्योगिक थाना पुलिस ने मामले की जांच रही है।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मूलरूप से गांव जखेड़ा, जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश निवासी लोकेन्द्र ट्रक चलाता था और दिल्ली माल लेकर आया था। रविवार रात जब वह दिल्ली आ रहा था इसी दौरान सरिता विहार इलाके में उसने एक बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वह वहां से भाग गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों बाइक सवारों की हालत स्थिर है। पुलिस अभी हादसे की जानकारी जुटा रही थी कि देर रात एक बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि ओखला फेज-1 में एसआईएस प्रोसेगर भवन के पास एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया है। सूचना मिलते ही ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर एक ट्रक डिवाइडर से टकराया हुआ मिला और पास में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा था। पुलिस ने उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि इसी चालक ने बाइक में टक्कर मारी थी।