मोहम्मद दीन अपने दो बेटों तौफीक (42), मोहम्मद उस्मान (28), बहू सुहाना (26) और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सराय पीपल थाना इलाके में रहते है। सुहाना ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह घर के बाहर बैठी हुई थी। ससुर मोहम्मद दीन और जेठ तौफीक भी बैठे थे।
आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सत्यम चाकू लेकर आया। आते ही उसने तौफीक की गिरेबान पकड़ ली और गाली देकर कहने लगा कि वह उसके बारे में उल्टा-सीधा बोलता है। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेटे पर हमला होते देख मोहम्मद दीन चिल्लाने लगे।
आरोपी ने उनपर भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सुहाना ने बीच-बचाव की कोशिश की तब आरोपी धक्का देकर भाग गया। तभी सुहाना के पति मोहम्मद उस्मान वहां आ गए। दंपती घायल मोहम्मद दीन और तौफीक को लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचे। यहां से दोनों को लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।