उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि सोमवार देर रात एलएनजेपी अस्पताल की सूचना पर कोतवाली की बल्लीमारान पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां 17 वर्षीय कृष्ण जख्मी हालत में मिला। उसका गला रेतने के अलावा पेट पर चाकू मारा गया था। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि कृष्ण लाल किला परेड ग्राउंड के पास देर रात मौजूद था।
आरोपी उसकी जेब से पैसे निकालने लगा, मना करने पर उसने हमला कर दिया। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन के आधार पर तलाश शुरू की और उसे दबोचा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे बड़ा बदमाश बनना है। इसलिए उसने कृष्ण पर जानलेवा हमला करने के बाद जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास एक अन्य लड़के पर भी हमला किया।