वजीरपुर में जबरन वसूली को लेकर परेशान करने पर नाबालिगों ने एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मोनू उर्फ क्रॉसिंग के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए वारदात में शामिल पांच नाबालिगों को पकड़ लिया है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त कुशल पास सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात सब्जी मंडी रेलवे पुलिस को वजीरपुर में रेलवे ट्रैक पर एक युवक के शव पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोल नंबर 26-3ए के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ मिला। युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव थे। पुलिस घायल युवक को पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने छानबीन कर वहां से साक्ष्य जुटाए।
जांच में मृतक की पहचान मोनू उर्फ क्रॉसिंग के रूप में हुई। पता चला कि वह अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश था। उसपर हत्या समेत आर्म्स एक्ट के कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज थी। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच कर रही थी, इसी बीच सूचना मिली कि अशोक विहार थाना पुलिस ने पांच नाबालिगों को पकड़ा है। पूछताछ में नाबालिगों ने मोनू उर्फ क्रॉसिंग की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पांच दिसंबर की रात रेलवे ट्रैक के पास मोनू पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक धमका कर पांचों से उगाही करता था। जिसका बदला लेने के लिए नाबालिगों ने वारदात को अंजाम दिया।