दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक लड़की से प्रेम प्रसंग की बात को लेकर हुए विवाद में 12वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। छात्र अपने दोस्तों के साथ ज्वालापुरी के श्मशान घाट के पास बैठकर बात कर रहा था। इसी दौरान इलाके के रहने वाला एक नाबालिग अपने दोस्तों के साथ आया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है और मुख्य आरोपी की धर-पकड़ के लिए दबिश दे रही है।
गुरुवार रात 9.08 बजे पुलिस को हेडगेवार अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने घायल युवराज (20) को मृत घोषित कर दिया है। युवराज अपनी मां और बड़ी बहन नितिका के साथ कस्तूरबा नगर में रहता था। वह ओपन से 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता जसवीर सिंह का कुछ साल पहले देहांत हो गया था।