-स्वरूप नगर की घटना, पहली मंजिल पर फंसा था शख्स, हवलदार ने सुरक्षित निकाला
-पुलिस कर रही है आग लगने के कारणों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
स्वरूप नगर इलाके में एक मकान में अचानक आग लग गई। पहली मंजिल पर लगी आग में एक शख्स फंस गया। सूचना मिलते ही थाने से पहुंचे हवलदार अंकित ने दूसरी इमारत पर जाकर पीड़ित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मी की सूझबूझ और बहादुरी को लेकर आला अधिकारियों ने उनकी तारीफ की है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 12 अप्रैल को पुलिस को अमृत विहार स्थित एक घर में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही तुरंत थाने से एएसआई नरेंद्र और हवलदार अंकित मौके पर पहुंच गए। जहां पुलिस कर्मियों ने देखा कि एक इमारत की पहली मंजिल से आग की लपटेंं निकल रही हैं और उसके बालकनी में एक व्यक्ति को फंसा हुआ है। बाहर काफी लोग जमा थे, लेकिन कोई भी उस शख्स को बचाने की कोशिश नहीं कर रहा था। वह व्यक्ति काफी डरा सहमा था और बचने की उपाय कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हवलदार अंकित ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना देर किए उससे सटे मकान की पहली मंजिल पर पहुंचे और उस व्यक्ति को सहारा देकर दूसरी इमारत के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए व्यक्ति की पहचान 41 साल के तुषार अनुराग के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करते हैं और घटना के समय वह घर में अकेले थे। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।