चाणाक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क के पास नीति मार्ग पर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने बाइक सवार एनडीएमसी के माली को मंगलवार सुबह रौंद दिया। कार ने पीड़ित की बाइक में पीछे से टक्कर मारी थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माली हवा में उछल गया और काफी दूर तक कार उसे घसीटते हुए ले गई। माली की मौके पर ही मौत हो गई थी। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कार को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान प्रवीण (28) के रूप में हुई। वह पत्नी व एक बेटी के साथ बापूधाम में अपनी ससुराल में रहता था और नेहरू पार्क में एनडीएमसी का माली था। प्रवीण मंगलवार सुबह नेहरू पार्क से अपनी ड्यूटी के दूसरे पाइंट पर बाइक से जा रहा था।
जब वह नीति मार्ग पर पहुंचा तो तेज गति से आ रही मर्सिडीज कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से मर्सिडीज कार चल रहे युवक कवीश तेवतिया (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की थी, मगर वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
हालांकि जमानती धारा होने के कारण बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। रजोकरी निवासी कवीश दक्षिण दिल्ली स्थित एक कॉलेज से एलएलएम कर रहा है और घटना के समय वह अपने कॉलेज जा रहा था। उसके पिता वीरेन्द्र तेवतिया बड़े व्यवसायी हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के समय आरोपी ने शराब नहीं पी रखी थी। मेडिकल जांच में इसकी पुष्टि हो गई है।
कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मर्सिडीज कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा थी। ये भी आरोप है कि आरोपी लहराते हुए तेज गति से कार चला रहा था। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में कार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।