-समयपुर बादली इलाके की घटना, भागने के दौरान लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर किया पुलिस के हवाले, की पिटाई
-आरोपियों का अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन के पास रविवार को शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में दो युवकों ने दोस्त की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो आरोपियों को लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या का केस कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की निगरानी में दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार को समयपुर बादली थाना पुलिस को मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर खून पड़ा हुआ देखा। घायल युवक की पहचान राजा विहार निवासी 20 साल के अंकित के रूप में हुई, उसे पीसीआर कर्मी अस्पताल लेकर जा चुके थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बुराड़ी अस्पताल के मॉर्चरी में रखवा दिया। समयपुर बादली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।