दिल्ली भाजपा ने मकर संक्रांति पर किया भव्य आयोजन
- फोटो : ANI
मकर संक्रांति के अवसर पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेताओं, कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई प्रमुख नेताओं ने एक साथ मिलकर इस पर्व को मनाया।
अभिनेता-गायक और भाजपा नेता पवन सिंह ने मकर संक्रांति के अवसर पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में गाना गाया। उन्होंने अपने गीतों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पार्टी नेताओं ने इस सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और भी बढ़ा।
केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा, 'आज बहुत पवित्र दिन है जब हम देश में पोंगल और मकर संक्रांति का त्योहार मना रहे हैं। एक नई ऊर्जा, नई शक्ति और नए उत्साह के साथ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कल्याणकारी काम हो रहा है... हमारे किसानों ने हमारी चिंता अन्नदाता के रूप में की है, उनको मैं शुभकामनाएं देता हूं।'
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, 'सभी को मकर संक्रांति, बिहू और पोंगल के महा पर्व की बहुत बधाई। यह एक ऐसा पर्व है जो पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधता है। आज प्रधानमंत्री मोदी पोंगल के उत्सव के लिए केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के आवास पर आए।'
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, 'मकर संक्राति हमारे लिए महत्वपूर्ण दिन होता है। हम प्रकृति के साथ इस दिन को मनाते है। पूर्वांचल मोर्चा की ओर से दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में मनाया गया। इसमें सभी ने शिरकत की। मैं पूर्वांचल मोर्चे को धन्यवाद करती हूं।'