-नरेला इलाके की घटना, चालक और उसके दोस्त ने कार से छलांग लगाकर बचाई अपनी जान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
नरेला इलाके में शुक्रवार को अचानक कुत्ता के सामने आने पर एक इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार में आग लग गई। समय रहते कार में सवार चालक विनोद यादव और उनके साथी नीचे कूद गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। आग में कोई हताहत नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नरेला निवासी विनोद यादव शुक्रवार दोपहर अपनी टाटा नेक्सन ईवी कार से अपने दोस्त के साथ मवेशी के लिए चारा लेने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि अचानक उनकी कार के सामने एक कुत्ता आ गया। रफ्तार तेज होने की वजह से कुत्ते को बचाने के क्रम में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पार्क की दीवार से टकरा गई। कार के टक्कर लगते ही उसमें से पहले धुआं निकला और फिर अचानक आग लग गई। आग लगते ही विनोद अपने दोस्त के साथ कार से नीचे कूद गए। उन्होंने तुरंत आग लगने की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। दमकल अधिकारी ने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस कार में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।