प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से गिरफ्तारी के बाद चर्चा में आए आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान पर नोएडा में पहले से ही केस चल रहा है। मामला हाईकोर्ट में है। हालांकि अब तक इस मामले में विधायक व उनके पुत्र को काफी राहत मिली है। पुलिस ने इस मामले में कई संगीन धाराएं हटा ली हैं। कोतवाली फेज वन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-95 स्थित शहीद रामेंद्र प्रताप सिंह फिलिंग स्टेशन पर आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा अनस सात मई की सुबह कार में पेट्रोल भरवाने आया था। उसने अपनी कार कतार में लगाकर आगे वाली कार को आगे बढ़ाकर पहले पेट्रोल डालने की बात कही। इस पर सेल्समैन ने लाइन बारी आने पर तेल डालने के लिए कहा। पेट्रोल पंप कर्मचारी की बात से नाराज होकर विधायक के अनस ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही धमकाया भी। कुछ देर के बाद विधायक अमानतुल्लाह भी मौके पर पहुंच गए थे।
उन्होंने भी पेट्रोल पंप कर्मचारियों को धमकी दी थी। इस मामले में कोतवाली फेज वन पुलिस ने विधायक पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। नोएडा पुलिस विधायक व उनके बेटे को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। हालांकि बाद में पीड़ित ने कोर्ट में हलफनामा देकर आरोपों को वापस ले लिया था। इसके बाद पुलिस ने कई संगीन धाराएं हटा ली थीं। अभी यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रहा है।