शहर में सक्रिय एटीएम बदल गिरोह के सदस्यों ने पर्वतिय कॉलोनी निवासी देवेंद्र सिंह भाटी को शिकार बना डाला। ठगों ने उनका एटीएम कार्ड बदल कर उनके खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए। उन्हें इसकी जानकारी तब हुई जब वह अपनी पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचे।
देवेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक 2 मई 2017 को किसी काम से वह सेक्टर 55 गए थे। वहां रुपयों की जरूरत पडने पर एक एक बैंक के एटीएम पहुंचे। वह एटीएम के केबिन में दाखिल हुए तो उसमें तीन युवक पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने कार्ड मशीन में डाल कर पिन और धनराशि अंकित की लेकिन रुपये नहीं निकले। उन्होंने एक दो बार और प्रयास किया लेकिन रुपये नहीं निकले। इस पर केबिन में मौजूद तीनों युवक उनकी मदद के लिए आगे आए। एक ने उनसे कार्ड लेकर मशीन में डाला और पिन पूछकर अंकित की।
रुपये नहीं निकलने पर मशीन खराब है कहते हुए उन्हें कार्ड वापस किया और तीनों बाहर निकल गए। वह भी यह देखे बिना कि कार्ड उनका है या नहीं घर चले आए। 11 मई को वह पासबुक अपडेट कराने अपने बैंक पहुंचे तो लिपिक ने बताया कि उनका खाता खाली है। उन्होंने स्टेटमेंट निकलवाया तो उनके एटीएम कार्ड का प्रयोग कर खाते से 95 हजार रुपये निकाले गए थे। उन्होंने कार्ड चेक किया तो वह किसी दूसरे व्यक्ति के नाम का था।
उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में दी थी। एसएचओ सेक्टर 55 थाना इंस्पेक्टर नरेंद्र सांगवान ने बताया कि शिकायत आईटी सेल को भेजी गई थी, धोखाधड़ी की घटना साबित होने पर शुक्रवार को केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।