दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर एनआरआई समेत पांच को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में पार्टी ड्रग्स बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 90 करोड़ बताई जा रही है। बरामद ड्रग्स को मुंबई व दिल्ली से लंदन, नेपाल और मलयेशिया भेजा जाना था।
स्पेशल सेल डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम कुछ महीने से ड्रग्स सप्लाई करने वालों के पीछे लगी हुई थी। इंस्पेक्टर तिलकचंद बिष्ट को सूचना मिली कि एक गिरोह दिल्ली व मुंबई से ड्रग्स सप्लाई कर रहा है। ये भी पता लगा कि लोकेश मेहता व सुनील कुमार के पास भारी मात्रा में ड्रग्स है।
टीम ने जनकपुरी में दबिश देकर सुनील कुमार उर्फ राजू और लोकेश मेहता को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से ट्रामाडोल नाम की 5.275 किलो पार्टी ड्रग्स बरामद की गई। पूछताछ के बाद 17 जनवरी को इनके तीसरे साथी सतीश साहू को 5.1 किलो ट्रामाडोल पाउडर के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद नीरज अरोड़ा उर्फ सोनल और राजेश दत्ता उर्फ राज को 20 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। राजेश दत्ता ने ब्रिटिश नागरिकता ले रखी है।
सभी आरोपी नीरज अरोड़ा के ओल्ड राजेन्द्र नगर स्थित घर पर पार्टी ड्रग्स तैयार करते थे। यहां से ड्रग्स का कच्चा माल बरामद किया गया। इसके बाद विकास नगर (दिल्ली) में राजेश दत्ता के घर पर दबिश देकर पार्टी ड्रग्स की लगभग 7 लाख गोलियां बरामद की गईं।
पाकिस्तानी नागरिक मजहर, अमरजीत बेंस और नेपाल में रह रहा जसप्रीत सिंह गिरोह के सरगना हैं। मजहर व अमरजीत लंदन में रहते हैं। राजेश व लोकेश मेहता मजहर को कार्गो व कोरियर से ड्रग्स की सप्लाई करते थे। सतीश साहू पंजाब के रहने वाले व फिलहाल नेपाल में रह रहे जसप्रीत सिंह को सप्लाई करता था।
ये हुआ बरामद
10.375 किलो मियाऊ-मियाऊ ड्रग्स, पार्टी ड्रग्स की 13.50 लाख गोलियां, 480 ग्राम केटामाइन पाउडर, 100 केटामाइन इंजेक्शन, 10 लिगनोकेन इंजेक्शन, चावलों के 40 ड्रम व और दो कारें।