- 13 अधीक्षण अभियंताओं के तबादले व नई नियुक्तियां, स्मार्ट सिटी गुरुग्राम समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नई जिम्मेदारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। निगम के प्रबंध निदेशक आईएएस विक्रम सिंह की स्वीकृति के बाद नौ कार्यकारी अभियंताओं (एक्सईएन) को अधीक्षण अभियंता (एसई) के पद पर पदोन्नत किया गया है। साथ ही 13 अधीक्षण अभियंताओं के स्थानांतरण एवं नई नियुक्तियों के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में विजय पाल, प्रवीण यादव, मंजू पुनिया, विकास कादियान, अमित कम्बोज, आशुतोष पंचाल, सतीश कुमार, अविनाश यादव और सचिन यादव शामिल हैं। सभी अधिकारियों को पे मैट्रिक्स लेवल-14 में तत्काल प्रभाव से अधीक्षण अभियंता के पद पर नियुक्त किया गया है।
पदोन्नति के साथ कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। प्रवीण यादव को स्मार्ट सिटी परियोजना, गुरुग्राम का अधीक्षण अभियंता बनाया गया है। विजय पाल को रेवाड़ी, अमित कम्बोज को फरीदाबाद, आशुतोष पंचाल को सिरसा तथा अविनाश यादव को हिसार ऑपरेशन सर्किल का दायित्व दिया गया है। वहीं मंजू पुनिया को ऊर्जा ऑडिट, विकास कादियान को आईटी विंग और सतीश कुमार को पी एंड डी शाखा में अधीक्षण अभियंता नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कुलदीप अत्री, जितेंद्र ढुल, रेखा राठी और वेद प्रकाश का भी विभिन्न शाखाओं में तबादला किया गया है। विजेंद्र सिंह को एसई (आर-एपीडीआरपी) तथा अविनाश यादव को एसई (सिविल) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विकास कादियान प्रतिनियुक्ति पर एचईपीसी, पंचकूला में कार्यरत रहते हुए डीएचबीवीएन के आईटी कार्य भी संभालेंगे।