4000 किलो से अधिक खराब खाद्य सामग्री की गई नष्ट, जांच के घेरे में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
त्योहारों पर मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की लगातार हो रही जांच के परिणाम चिंता बढ़ाने वाले हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते दो महीनों में 290 खाद्य नमूनों की जांच की, जिनमें 85 असुरक्षित या निर्धारित मानकों से कम गुणवत्ता के पाए गए। यानी जांचे गए करीब हर तीन में से एक नमूने में गड़बड़ी मिली। इस दौरान 4000 किलोग्राम से अधिक खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। त्योहारों को देखते हुए विभाग ने जांच और नमूने लेने की कार्रवाई तेज की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सबसे ज्यादा निगरानी घी, पनीर, खोया और मिठाइयों पर रखी है। इसके लिए मोरी गेट खोया मंडी, ओखला और जनकपुरी समेत संवेदनशील इलाकों और थोक बाजारों में बार-बार जांच अभियान चलाए गए। हाल ही में निहाल विहार में बिना लाइसेंस चल रही मिठाई बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी की गई। यहां 12 जगहों की पहचान की गई, 400 किलो तैयार मिठाइयां नष्ट कराई गईं और जांच के लिए 14 नमूने लिए गए।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म भी जांच के दायरे में
विभाग की कार्रवाई बाजारों और दुकानों तक सीमित नहीं रही। स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट, अमेजन और रिलायंस जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़े डार्क स्टोरों का भी निरीक्षण किया गया। यूट्यूब और इंस्टाग्राम के जरिए खाद्य पदार्थ बेचने वाले थोक विक्रेताओं की जांच की गई। रेस्तरां, क्लब, बैंक्वेट हॉल, खुदरा दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों के साथ अस्पतालों की रसोई में भी साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।
व्रत के सामान से बेकरी तक जांच
नवरात्रि के दौरान कुट्टू का आटा, समा के चावल, सिंघाड़े का आटा और साबूदाना जैसे व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की विशेष जांच की गई। एक अन्य अभियान में सात बेकरी इकाइयों का निरीक्षण कर 10 नमूने लिए गए। साफ-सफाई और सुरक्षा नियमों में कमियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस देने की सिफारिश की गई।
त्योहारों में जारी रहेगी निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण से लेकर थोक बाजार, खुदरा दुकान, रेस्तरां और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक निगरानी जारी रहेगी। त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में भी जांच और नमूने लेने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।