-23.14 फीसदी उम्मीदवारों ने दाखिला किया पक्का
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिला की प्रक्रिया जारी है। अभी तक करीब 82 हजार उम्मीदवार दाखिले के लिए सीट को स्वीकार कर चुके हैं। जबकि कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन को सत्यापित और स्वीकृत करने का सोमवार आखिरी दिन है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार स्नातक पाठ्यक्रमों के पहले आवंटन चरण में 93033 उम्मीदवारों को सीटें आवंटित की गई। रविवार दोपहर दो बजे तक 81979 उम्मीदवारों ने दाखिले को लेकर सीट स्वीकार कर ली जो कुल आवंटन का 88.12 फीसदी है। जबकि 21530 (23.14 फीसदी) उम्मीदवार दाखिले को लेकर अपनी सीट पक्की कर चुके हैं। दाखिला फीस जमा करने के लिए 33383 उम्मीदवारों को भुगतान लिंक जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार 21 जुलाई रात 11:59 तक ऑनलाइन फीस का भुगतान कर सकेंगे। कॉलेजों को सोमवार शाम 4:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदनों काे सत्यापित और स्वीकृत करने का समय दिया गया है।
वहीं दाखिले के दूसरे चरण के तहत सीट आवंटन की घोषणा शनिवार को होगी। डीयू के 67 कॉलेजों में अलग-अलग 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए कार्यक्रमों में दाखिले के लिए करीब 72 हजार सीट है। इसमें खेल, ईसीए और अन्य कोटों को मिलाकर कुल सीटें लगभग 85 हजार हो जाती हैं।
पीजी में दस हजार से अधिक हुए दाखिले
स्नातकोत्तर (पीजी) दो वर्षीय पाठ्यक्रमों में भी दाखिले को लेकर प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय के अनुसार पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 10248 उम्मीदवार दाखिला ले चुके हैं। जिन उम्मीदवारों को अभी तक सीट आवंटित नहीं हुई या दाखिला से वंचित रह गए हैं उनके लिए विश्वविद्यालय 25 जुलाई से स्पॉट राउंड दाखिला का पहला चरण शुरू करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर दाखिले से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए।