मुंडका की बक्करवाला कॉलोनी में एमसीडी की लापरवाही से खुले हुए सीवर में गिरकर 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला बुधवार देर शाम से गायब थी। अगले दिन उसका शव सीवर में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका ननकी देवी परिवार के साथ जेजे कॉलोनी में रहती थीं। बुधवार देर शाम वह शौच के लिए गई थीं। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवारवालों ने उनकी तलाश की। देर रात परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। बृहस्पतिवार रात किसी ने महिला का शव सड़क किनारे खुले सीवर में पड़ा देखकर सूचना पुलिस को दी। महिला की शिनाख्त ननकी देवी के रूप में हुई।
घटना के बाद परिजनों और इलाके के लोगों ने इसके लिए एमसीडी को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि इलाके में जगह-जगह सीवर के ढक्कन खुले हैं, जो दुर्घटना को दावत देते हैं। उनका आरोप है कि इससे पहले भी यहां दुर्घटना हो चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग कोई सुध नहीं ले रहा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में लापरवाही की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग के जिम्मेदार कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।