दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर कोलकाता के 26 युवकों से ग्रेटर नोएडा में 8.26 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कंपनी मालिक मौके से फरार है। पीड़ित युवकों ने मामले की शिकायत कासना कोतवाली में की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता कोलकाता निवासी तनवीर आजम पुत्र हारून ने बताया कि अल्फा कामर्शियल बेल्ट में करीब दो माह पहले शेख समीर और विक्की कुमार अल अरेबिक के नाम से कंपनी चलाते थे। उन्होंने दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर तनवीर और उसके रिश्तेदारों से 8.26 हजार रुपये लिए थे।
दुबई जाने के लिए वीजा और पासपोर्ट भी बनकर तैयार हो गया था। पिछले महीने उन्हें दुबई जाना था, लेकिन फ्लाइट पकड़ने से दो दिन पहले ही दूतावास ने सभी लोगों का वीजा-पासपोर्ट रद्द कर दिया। लोगों ने कारण जानने के लिए जब शेख और विक्की से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि डिमांड लेटर में गड़बड़ी होने से ऐसा हुआ है।
तनवीर ने बताया कि तब से दोनों फरार हैं। दोनों का पता नहीं लगने पर तनवीर और उसके रिश्तेदारों ने शेख और विक्की के खिलाफ कासना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कासना कोतवाली प्रभारी अनिल प्रताप सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।