-गीता कालोनी में मिठाई की दुकान के बाहर टेंट लगाने को लेकर हुआ था विवाद, बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग के सिर पर मारा गमला
-गंभीर हालत में डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में कराया गया भर्ती, वारदात के बाद आरोपी भागे, पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी इलाके में दुकान के बाहर टेंट लगाने के विवाद में पति-पत्नी ने एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सिर पर गमला मारकर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपती मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल बुजुर्ग महिला को डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार 75 वर्षीय कस्तूरी देवी अपने परिवार के साथ न्यू लाहौर, शास्त्री नगर, गीता कालोनी में रहती हैं। घर के ग्राउंड फ्लोर पर उनका पोता कार्तिक सैनी मिठाई की दुकान चलाता है। 26 अगस्त को कार्तिक अपनी दुकान के सामने टेंट लगा रहा था। इसी दौरान उनका पड़ोसी मिथू सरकार और उसकी पत्नी नीतू सरकार वहां पहुंचे और टेंट लगाने का विरोध करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ता देख जब बुजुर्ग कस्तूरी देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी दंपती ने गुस्से में आकर वहां रखा पत्थर का भारी गमला उठाया और उनके सिर पर दे मारा। गमला लगते ही बुजुर्ग महिला वहीं पर गिर पड़ीं। आरोप है कि इसके बाद भी दंपती ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पोते कार्तिक ने किसी तरह बीच-बचाव कर अपनी दादी को बचाया और पुलिस को खबर दी।
सूचना मिलते ही गीता कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी हालत में बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। 27 अगस्त को पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी मिथू सरकार और उसकी पत्नी नीतू सरकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।