द्वारका सेक्टर तीन इलाके में शनिवार सुबह आग लगने से 72 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक द्वारका सेक्टर तीन में करीब पांच हजार गज में सौ झुग्गियां बसी हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे इन झुग्गियों में आग लग गई।
सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए 12 अन्य दमकल की गाड़ियों को बुला लिया गया।
आग लगते ही झुग्गी में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के साथ सामान को भी झुग्गियों से निकालकर भागने लगे। लेकिन तेजी से फैली आग से कई झुग्गियों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
दमकल कर्मियों ने करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यहां आग कैसे लगी, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि आग की शुरुआत कबाड़ से हुई और कुछ देर में ही वह झुग्गियों को अपने चपेट में ले लिया।
यहां रहने वाले ज्यादातर लोग प्लास्टिक से बने सामान, कूड़ा और थर्मोकोल चुनने का काम करते हैं और उसे अपने झुग्गियों के पास जमा करके रखते हैं।