-पश्चिम जिला पुलिस ने चलाया अभियान, 116 चोरी के वाहन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पश्चिम जिला पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ 72 घंटे का विशेष अभियान ऑपरेशन चक्र चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 25 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया और 116 चोरी के वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में 113 दोपहिया, दो तिपहिया और एक चार पहिया वाहन शामिल है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि इस अभियान में जिले के वाहन चोरी निरोधक शाखा, स्पेशल स्टाफ, नारकोटिक्स यूनिट और जिले के सभी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। बताया कि बरामद 116 वाहनों में से 46 वाहन पश्चिम जिले जबकि 70 वाहन दिल्ली के अन्य जिलों से चोरी हुए थे। गिरफ्तार कई आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं।
-
वाहन चोरी निरोधक शाखा ने सबसे ज्यादा वाहन बरामद किए
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन चोरी निरोधक शाखा ने सबसे ज्यादा 16 वाहन बरामद किए। इसके अलावा पंजाबी बाग और तिलक नगर थाना पुलिस ने 12-12 वाहन, विकासपुरी और ख्याला ने 10-10, नारायणा व राजौरी गार्डन ने 8-8, इंद्रपुरी व कीर्ति नगर ने 6-6, जनकपुरी ने 5, मोती नगर व हरि नगर ने 4-4 तथा मायापुरी ने तीन वाहन बरामद किए। स्पेशल स्टाफ ने 10 और नारकोटिक्स यूनिट ने दो वाहन बरामद किए हैं।