पुलिस चौकी में वकील की पिटाई के मामले में एसएसपी ने गढ़ी चौखंडी पुलिस चौकी के सात पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें दो हेड कांस्टेबल व पांच सिपाही शामिल हैं।
लाइन हाजिर होने वाले पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल अशोक बालियान, अशोक शर्मा और सिपाही फैजुल रहमान, राजकुमार सिंह, फिरोज खान, यतेंद्र कुमार और राजबहादुर हैं। इन पर वकील महेंद्र यादव के साथ पुलिस चौकी में मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप है। इसका एक वीडियो रविवार को वायरल हुआ था। इसमें थप्पड़ मारते हुए दिख रहे सिपाही बिरेंद्र को एसएसपी ने रविवार को ही निलंबित कर दिया था। इसके बाद मामले की जांच की गई तो इन सातों पुलिसकर्मियों की भूमिका भी पाई गई। इसके बाद एसएसपी ने इन्हें लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने कहा कि आम लोगों के साथ गलत व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
सीओ ने शुरू की जांच, वकील धरने पर
पुलिस चौकी में वकील की पिटाई मामले में क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, सोमवार को पीड़ित वकील ग्रामीणों के साथ सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी के बाहर धरने पर बैठ गए। वकील का आरोप है कि यह सोसाइटी गलत तरीके से बनी है। वहीं वकील महेंद्र सिंह के समर्थन में जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और बर्खास्तगी की मांग को लेकर क्षेत्राधिकारी प्रथम अवनीश कुमार को ज्ञापन सौंपा। वकील के समर्थन में आए ग्रामीणों का कहना हैं कि पुलिस का रवैया बिल्कुल गैरजिम्मेदाराना है।
इस मामले में क्लियो काउंटी के अधिकारियों का कहना है कि इस सोसायटी को बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने जमीन का आवंटन किया था। इसके बाद नियमानुसार इस पर निर्माण किया गया है। रविवार को वकील सोसायटी के खिलाफ लोगों के बीच पर्चियां बांट रहे थे। तभी इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद पुलिस चौकी में सिपाही ने वकील के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में क्षेत्राधिकारी द्वितीय राजीव कुमार सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। इस मामले में दोनों पक्षों के लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जल्द ही जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।