राजधानी दिल्ली में जीएसटी अधिकारियों ने 7,896 करोड़ रुपये मूल्य के फर्जी इनवॉयस बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह रैकेट 23 फर्जी कंपनियों के जरिए चलाया जा रहा था। इस मामले में 29 फरवरी को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरास में जेल भेज दिया है।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के मुताबिक, आयकर अधिकारियों ने जिस गिरोह का भंडाफोड़ किया है, उसके बिल में 1,709 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट शामिल है। ये 23 फर्जी कंपनियां बिना सामान की वास्तविक आपूर्ति के इनवॉयस की खरीद-बिक्री कर इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल करती थीं।
आरोपी कई फर्जी कंपनियां बनाकर टैक्स चोरी कर रहे थे। मंत्रालय ने बताया कि आरोपी इनपुट टैक्स क्रेडिट असली दिखाने के लिए बैंकिंग ट्रांसजैक्शन का भी इस्तेमाल करते थे।
ये कंपनियां खरीदारों को फर्जी इनवॉयस जारी करती थीं, जो बिना चालान की वास्तविक सप्लाई के फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल करते थे और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाते थे।