विधानसभा चुनाव के लिए जिले में मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस ने चुनाव आयोग से छह हजार पुलिसकर्मियों की मांग की है। जिससे एक-एक बूथ पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया जा सके। जिले में बूथों की संख्या बढ़ाए जाने के कारण इस बार ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की मांग की गई है।
जनपद में 11 फरवरी को मतदान होना है। प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी तेज हो गया है। इस बार शुरू से ही चुनाव आयोग की सख्ती जिले की तीनों विधानसभाओं में देखी जा रही है। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए सभी बूथों पर भारी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।
जिला पुलिस के पास वर्तमान में ट्रैफिक पुलिस को मिलाकर करीब 2200 पुलिसकर्मी हैं। तीनों विधानसभाओं में चुनावों के लिए जिला पुलिस की ओर से तीन हजार पुलिसकर्मियों की मांग की है। इसके अलावा तीन हजार अर्द्धसैनिक बलों की भी मांग की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी लिस्ट में बिसाहड़ा सहित पांच मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। जहां पर अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी। वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में जिले में 1180 बूथ थे। इस बार होने वाले चुनाव में 1242 बूथ बनाए गए हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले 62 बूथ बढ़ गए हैं। जांच के बाद प्रशासन ने 17 और बूथ बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।