ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बा निवासी एक ठेकेदार ने साढे़ छह लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी ने फोन कर उसे एक निजी बैंक से लोन दिलाने का झांसा दिया।
इसके एवज में आरोपी ने उससे करीब 36 हजार रुपये अपने खाते में जमा करा लिया। लेकिन उसने जब बैंक में पूछताछ की तो पता चला कि उसके नाम से कोई लोन स्वीकृत नहीं है। ठेकेदार की शिकायत पर कासना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलत: बिहार निवासी गोविंद लाल ठेकेदारी करता है और वह परिवार के साथ सूरजपुर कस्बे में रहता है। गोविंद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि करीब 15 दिन पहले एक युवक ने मोबाइल पर संपर्क कर खुद को एक बैंक का फाइनेंस कर्मचारी बताया और उसे साढे़ छह लाख रुपये लोन दिलाने का आश्वासन दिया।
युवक की बात सुनकर वो सहमत हो गया। अगले दिन आकर उसने जरूरी कागजात लिए और तीसरे दिन बैंक के लेटरपैड पर रकम प्रस्तावित करके भेज दिया जिसमें कहा गया कि साढे़ छह लाख रुपये का लोन स्वीकृत हो गया है। इसके बाद उसने लोन पास करवाने की एवज में उससे चार बार में करीब 36 हजार रुपये जमा करा लिए।
अब वह 48 हजार रुपये की मांग कर रहा था। गोविंद का कहना है कि जब उसने बैंक में तहकीकात की तो सारा मामला फर्जी निकला। इसके बाद उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसने फोन बंद कर लिया।