समाजवादी आवास योजना के फ्लैटों की कीमतों को सीमित रखने के लिए प्रदेश सरकार ने इनकी प्रति हेक्टेयर संख्या में इजाफा कर दिया है। अब एक हेक्टेयर (करीब ढाई एकड़) जमीन पर 450 की जगह 500 फ्लैट बनाए जा सकेंगे। प्रदेश सरकार ने इससे संबंधित संशोधन जारी कर दिया है। अब जीडीए शासनादेश के मुताबिक योजना के नक्शे पास करेगा।
समाजवादी आवास योजना अंतर्गत प्रदेश भर में 15 से 30 लाख रुपये कीमत वाले घर बनाए जा रहे हैं। गाजियाबाद समेत सभी जगह जमीनों की कीमतें आसमान छू रहीं हैं। ऐसे में योजना के लिए जमीन जुटाना और फ्लैटों की कीमतों को सीमित रखना बिल्डरों और सरकारी विभागों के लिए खासी चुनौती है।
इसके मद्देनजर यह संशोधन किया गया है। प्रमुख सचिव (आवास) सदाकांत ने इससे संबंधित शासनादेश जारी कर दिया है। इसके मुताबिक अफोर्डेबल हाउसिंग नीति में हाउसिंग का अधिकतम घनत्व 450 इकाई प्रति हेक्टेयर निर्धारित था। समाजवादी आवास योजना में एफएआर के बेहतर उपयोग के लिए इसे 500 इकाई प्रति हेक्टेयर किया गया है।
जीडीए वीसी विजय यादव के मुताबिक इससे लोगों को उचित कीमत पर आवास उपलब्ध होंगे। प्राधिकरण शासनादेशों के अनुसार योजना क्रियान्वयन के लिए कार्रवाई करेगा।
योजना के फ्लैट निर्माण के लिए जमीन का लैंडयूज कृषि से आवासीय बिना किसी शुल्क के परिवर्तित होगा। हालांकि प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले बिल्डरों को लैंडयूज चेंज कराने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करनी होगी। इसकी मंजूरी प्राधिकरण बोर्ड और शासन से होगी। नियमानुसार लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी।