चेयरमैन पंकज लूथरा ने सोमवार को बुलाई बैठक, डीसी व शिक्षा विभाग के अधिकारी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा उत्तरी जोन के करीब 500 अनुबंधित शिक्षक पिछले दो सालों से सातवें वेतन आयोग के एरियर भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। बार-बार मांग उठने के बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों को बकाया नहीं मिल पाया है।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ और अनुबंधित अध्यापक एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर-पूर्वी जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा व डीसीए लेखा विभाग के अधिकारियों से बैठक की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जोन के करीब 900 अनुबंधित शिक्षक एरियर के पात्र हैं, लेकिन अब तक केवल 400 को ही भुगतान हुआ है। शेष 500 शिक्षक दो साल से बकाया पाने को तरस रहे हैं।
संगठनों ने लंबित फाइलों की जांच में हो रही देरी का मामला भी उठाया। डीसीए विभाग ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित वाउचरों की जांच जल्द पूरी कर भुगतान प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चेयरमैन पंकज लूथरा ने मामले को गंभीर बताते हुए सोमवार को डीसी (उत्तर-पूर्वी), शिक्षा और लेखा विभाग के अधिकारियों संग बैठक बुलाई है। शिक्षक संगठनों ने कहा कि जब तक सभी पात्र शिक्षकों को भुगतान नहीं होता, मुद्दा उठाते रहेंगे।