कल यानी बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर की ग्यारहों लोकसभा सीटों पर वोटिंग होने वाली है। मतदाता को किसी भी तरह की दिक्कत ना आए इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस बार वोटरों की सुविधा के लिए कई नए कदम उठाए गए हैं। मतदान का समय दो घंटे बढ़ा दिया गया है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय देव ने बातया कि मतदाताओं की सुविधा
को ध्यान में रखते हुए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जबकि पहले
सुबह 8 बजे मतदान शुरू होता था और शाम 5 बजे खत्म हो जाता था।
मोबाइल लेकर न जाएं
मतदान केंद्र जाने से पहले ही अपने मोबाइल से 1950 और 9211728082 पर ईपिक नंबर या आवेदन नंबर एसएमएस करके वोटर लिस्ट में अपने नाम होने या न होने की जानकारी ली जा सकती है। यही नहीं एसएमएस से ही पोलिंग स्टेशन की जानकारी भी मिल जाएगी।
लेकिन इसका पूरा ध्यान रहे कि मतदान केंद्रों यानी पोलिंग बूथ पर मोबाइल पूरी तरह बैन है।
इसलिए यह एसएमएस आपको अपने घर से ही करना होगा। न कि पोलिंग बूथ पहुंचने के बाद। अगर आप मोबाइल लेकर पोलिंग बूथ पहुंचते हैं तो आपको बाहर ही रोक लिया जाएगा।
किसी तरह के बैग नहीं हैं अलाउ
मतदान केद्रों पर लगेज बैग ही नहीं छोटे-बड़े हर तरह के बैग बैन कर दिए गए हैं। ऐसे में अगर आप मतदान केंद्रों पर किसी तरह का कोई बैग लेकर पहुंचते हैं तो बाहर ही रोक दिए जाएंगे। बहुत मुमकिन है कि आप अपना बहुमूल्य वोट न डाल पाएं।
इसके अलावा हर पोलिंग स्टेशन पर मतदाताओं के दिशा-निर्देश सफेद और नीले रंग में होने। लाइट की पर्याप्त व्यवस्था होगी। मतदाताओं के बैठने के लिए कुर्सियां होंगी। पीने का पानी होगा। वरिष्ठ नागरिकों को, विकलांग व दृष्टिहीनों के लिए खास व्यवस्था होगी।
बिना वोटर आईडी के ऐसे डालें वोट
फोटो वाली स्लिप बांटने का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। वहीं, जिनके पास स्लिप नहीं पहुंची है, वे दूसरे दस्तावेज दिखाकर वोट डाल सकते हैं। चुनाव आयोग ने इसके लिए 12 अन्य दस्तावेज को मंजूरी दे रखी है।
ये दस्वाजे हैं-पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, पैन कार्ड, फोटो वाली पासबुक, पोस्ट ऑफिस पासबुक, आधार, स्मार्ट कार्ड (नेशनल पापुलेशन रजिस्टर द्वारा जारी) मनरेगा जॉब कार्ड, हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड, पेंशन दस्तावेज फोटो वाला।
सभी पोलिंग स्टेशनों पर व्हील चेयर रैंप भी बनाए गए हैं। अभी तक आयोग से 270 अशक्तों ने संपर्क करके परेशानी बताई है।
होंगे मॉडल पोलिंग बूथ
मतदाताओं को इस बार मतदान केंद्रों पर नया अनुभव मिलेगा। हर विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल मतदान केंद्र तैयार किया गया है।
यह उन लोगों के लिए काफी फायदा पहुंचाएगा जो पहली बार वोट करने जा रहे हैं। इसमें वोटिंग का सारा तरीका समझाया जाएगा। दिल्ली में 70 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
वेटिंग रूम और मेडिकल सहित कई सुविधाएं होंगी। दिल्ली में मॉडल मतदान केंद्र के लिए विशेष तौर पर उन स्कूलों को चुना गया था, जिनकी हालत खराब थी। दिल्ली विधानसभा में पहल बार इसकी व्यवस्था की गई थी। उस वक्त नौ केंद्र तैयार किए गए थे।