दिल्ली के निजी स्कूल में जारी दाखिले की रेस में 43 डिफाल्टर स्कूल अब दाखिला नही ले सकेंगे। इनमें मॉडर्न स्कूल बाराखंभा, दून स्कूल जनकपुरी, एमएम टैगोर स्कूल आरके पुरम समेत सेंट जार्ज डिफेंस कॉलोनी स्कूल आदि प्रमुख हैं। शिक्षा निदेशालय ने इन स्कूलों में नर्सरी दाखिले पर रोक लगा दी है।
शनिवार को निदेशालय ने अपने आदेश में कहा था कि यदि स्कूल मानक अपलोड नहीं करेंगे तो उनके दाखिले रोक दिए जाएंगे। इसके साथ ही अभिभावकों को सलाह दी गई थी कि वह डिफाल्टर स्कूल में अपने बच्चे का दाखिला कराने से बचें। मालूम हो कि निदेशालय ने मानक अपलोड करने के लिए शनिवार रात 9 बजे तक का समय दिया था।
इस समय सीमा के बाद 43 स्कूल ने मानक अपलोड नहीं किए। इससे पहले सभी स्कूलों को 14 दिसंबर तक अपने मानक और प्वाइंट सिस्टम निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने थे। दाखिले पर रोक लगने के कारण अब इन स्कूल के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है।
शिक्षा निदेशालय ने 15 दिसंबर को आदेश जारी कर 105 स्कूलों को चेतावनी दी थी। इन स्कूलों में कई नामी स्कूल भी शामिल हैं। निदेशालय इन स्कूलों को रियायत देने के मूड में नहीं है। दाखिला प्रक्रिया रुकने के बाद अब स्कूल नर्सरी में दाखिला लेते हैं तो उन पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।