नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही राजधानी की सीमाओं पर प्रतिबंधित वाहनों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। ग्रेप के नियमों का उल्लंघन कर दिल्ली में दाखिल होने की कोशिश कर रहे 4,272 वाहनों को ट्रैफिक पुलिस ने बॉर्डर से ही वापस लौटा दिया। नॉर्दर्न रेंज में चलाए गए 12 दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 41,986 वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 246 वाहन चालकों के चालान भी काटे गए।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आठ से 19 नवंबर तक नरेला और अमन विहार ट्रैफिक सर्कल के अंतर्गत आने वाले अलग-अलग बॉर्डर पॉइंट पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहनों को नियमों के मुताबिक राजधानी में प्रवेश नहीं करने दिया गया। पुलिसकर्मियों की टीमें लगातार बॉर्डर पर तैनात रहीं और आने-जाने वाले वाहनों की जांच करती रहीं।