शकरपुर जी ब्लॉक में सोमवार दोपहर स्कूल कैब से कुचलकर चार साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना के समय चालक उसे नीचे उतारने के बाद वाहन को बैक कर रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची की पहचान अनुष्का रंजन (4) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अनुष्का एच ब्लॉक शकरपुर में रहती थी। उसके पिता पंकज रंजन पेशे से वकील हैं। बच्ची प्रीत विहार स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। सोमवार सुबह वह कैब से स्कूल गई थी।
दोपहर में कैब चालक मोहित (37) बच्ची को लेकर जी ब्लॉक अरुणा पार्क पहुंचा। जहां से वह बच्ची को घर तक छोड़ने जाता। बच्ची कैब से उतरने के बाद वाहन के पीछे चली गई। इसी दौरान चालक कैब को बैक करने लगा।
इससे बच्ची वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गई। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने वाहन को रोका और फिर जख्मी बच्ची को लेकर तुरंत वालिया नर्सिंग होम पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।