-साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
धोखे से मोबाइल फोन का एक्सेस लेकर सिम पोर्ट कराकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का अपराध शाखा की साइबर सेल ने खुलासा किया है। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से दो आरोपियों विपुल कश्यप और मुख्य आरोपी आयुष शर्मा को पकड़ा है। आरोपी इंस्टा और व्हाट्सएप पर बैंक खाता किराये पर देने का झांसा देकर उनके मोबाइल का एक्सेस ले लेते थे। फिर सिम पोर्ट कराकर बैंक एप डाउनलोड करते थे। इसके बाद खाते से पैसे निकाल लेते थे। इन लोगों ने दिल्ली के एक व्यक्ति के बैंक खातों से करीब 38.10 लाख रुपये की ठगी कर ली। अपराध शाखा ने मामला दर्ज कर जांच की और आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने मामले में सिम कार्ड मुहैया कराने वाले एक आरोपी विशाल कुमार को राजस्थान के भिवाड़ी से पाबंद किया है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि 12 जनवरी को दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने 38.10 लाख रुपये साइबर ठगी की शिकायत अपराध शाखा से की थी। जांच में पता चला कि करीब एक लाख रुपये विपुल कश्यप के खाते में गए हैं। जांच के बाद 4 फरवरी को विपुल को दबोच लिया गया। इससे पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी आयुष शर्मा को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।