दिल्ली गेट स्थित बाल सुधार गृह में गार्ड से मारपीट कर भागे एक नाबालिग को नांगलोई थाना पुलिस ने चोरी के मामले में सहयोगी के साथ पकड़ा है। इनके पास से पुलिस ने दस मोबाइल, नकदी, जेवरात व अन्य सामान बरामद किया है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त ए. कोन ने बताया कि 8 मई को नांगलोई के त्यागी विहार में एक घर का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात व अन्य सामान चुराकर फरार हो गए थे। अतिरिक्त थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में नांगलोई थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की। सूचना मिली कि नांगलोई निवासी हेमंत उर्फ गिन्नी चोरी के मामले में शामिल है। पुलिस ने हेमंत को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि दो सहयोगियों के साथ उसने चोरी को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा। जांच में पता चला कि यह नाबालिग दिल्ली गेट स्थित बाल सुधार गृह में बंद था। 23 अप्रैल को 11 सहयोगियों के साथ मिलकर गार्ड से मारपीट कर फरार हो गया था।