पूर्वी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने 20 दिन तक चलाया विशेष अभियान
8,027 चालान पीयूसीसी नहीं होने पर
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के साथ ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की जांच तेज कर दी है। अब बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र चल रहे वाहनों पर बॉर्डर पर भी नजर रखी जा रही है। पूर्वी रेंज में एक से 20 नवंबर तक चले विशेष अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने 61,865 वाहनों की जांच की। इनमें से 3,574 को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वहीं, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) नहीं होने पर 8,027 वाहनों के चालान किए गए और तय उम्र पूरी कर चुके 321 पुराने वाहनों को जब्त किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक (पूर्वी रेंज) श्वेता सिंह चौहान के अनुसार, बॉर्डर पर हुई कार्रवाई के दौरान जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन मिला उन्हें वापस भेज दिया गया।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 20 दिनों में बॉर्डर पर रोजाना औसतन 3,093 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 178 वाहनों को वापस लौटाया गया। वहीं, पीयूसीसी नहीं होने पर हर दिन औसतन 401 चालान किए गए।