साइबर सिटी में मोबाइल पर होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड का सिलसिला नहीं थम रहा है। इस बार एक बुजुर्ग इन ठगों का शिकार हुआ। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग के मोबाइल पर अनजान नंबरों से कॉल पर उसने अपने बैंक खाते की डिटेल बताई। इसके बाद उसके अकाउंट से 35 हजार रुपये निकल गए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से नेपाल निवासी भागीरथ गुड़गांव में एक ढाबे पर नौकरी करता है। पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले भागीरथ के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव करने पर फोन करने वालों ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए उसके बैंक खाते की जानकारी मांगी। उसने बताया कि उसका खाता नई प्रक्रिया के तहत अपडेट किया जा रहा है।
युवक की बात पर विश्वास करते हुए बुजुर्ग ने उसे सारी जानकारी दे दी जिसके बाद उसने कॉल काट दिया। बुजुर्ग के मुताबिक करीब एक घंटे बाद उसके मोबाइल पर संदेश आया कि उसके अकाउंट से 35 हजार रुपये निकाले गए हैं।
इस बारे में जब उसने बैंक में जाकर पूछताछ की तो बात सही निकली। बैंक प्रबंधक ने ऐसे किसी कर्मचारी के कॉल आने की बात से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग ने पुलिस से संपर्क साधा।
शनिवार को बुजुर्ग की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने फोनकर्ता के नंबरों को सर्विलांस पर डाल दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।