संवाद न्यूज एजेंसी
बहीन।
गांव बहीन में चोरों ने दो रातों में बिजली निगम को 2.44 लाख रुपये से अधिक की चपत लगा दी। चोर 7 स्पैन एचटी लाइन के 1470 मीटर और नांगल जाट एपी फीडर से 100 केवीए ट्रांसफाॅर्मर की एलटी लाइन के आठ स्पैन से 1720 मीटर तार चोरी कर ले गए। इससे उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ हथीन की ओर से मंगलवार को थाने में शिकायत दी गई। बताया गया कि 29 और 31 जुलाई की रात हुई। असिस्टेंट लाइनमैन प्रेमचंद ने कार्यालय को चोरी की सूचना दी थी। निगम के मुताबिक एचटी तार चोरी से 1,15,502 रुपये और एलटी तार चोरी से 1,29,078 रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन तारों से कृषि और घरेलू बिजली आपूर्ति होती थी। तारों के चोरी हो जाने से खेतों पर बिजली नहीं आ रही है, जिससे ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। बहीन थाना प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्रामीणों से बातचीत -
खेतों में रात के समय कोई नहीं रहता। चोर इसी का फायदा उठाकर तार चोरी कर रहे हैं।
-टेकचंद, ग्रामीण
बिजली बंद होने से किसानों को भारी परेशानी हो रही है। एपी लाइन जल्द ठीक होना जरूरी है।
-जितेंद्र, ग्रामीण
फसल की सिंचाई प्रभावित होने के साथ सरसों की फसल की बुवाई भी प्रभावित हो सकती है।
-जगदीश, ग्रामीण
लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में भय है। पुलिस को चोरों की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए।
-अनुज, ग्रामीण