फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चिंताजनकः 11 डॉक्टरों सहित 31 स्वास्थ्य कर्मचारी मिले संक्रमित

Sun, 26 Apr 2020 06:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
demo pic - फोटो : PTI
विज्ञापन

दिल्ली के अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को दो बड़े अस्पतालों में डॉक्टर सहित 31 स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। दिल्ली सरकार के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में 28 और सफदरजंग अस्पताल में 3 स्वास्थ्य कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया है।

विज्ञापन


बाबू जगजीवन राम अस्पताल में शनिवार को 28 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें आठ डॉक्टर शामिल हैं। अब तक इस अस्पताल में कुल 42 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 15 डॉक्टर हैं। अभी भी 100 से भी ज्यादा लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल अस्पताल मरीजों के लिए बंद कर दिया है।
वहीं सफदरजंग अस्पताल के मेडिसिन विभाग के तीन डॉक्टर कोरोना की चपेट में आए हैं। ये तीनों डॉक्टर वार्ड-11 में थे। एक मरीज के संपर्क में आने पर यह कोरोना से पीड़ित हुए हैं। इससे पहले अस्पताल में दो नर्स व चार डॉक्टर संक्रमित मिल चुके हैं। 
विज्ञापन


लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के 25 स्वास्थ्य कर्मी क्वारंटीन
दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के 25 स्वास्थ्य कर्मचारी क्वारंटीन कर दिए गए हैं। शनिवार को इन सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया है। एक मरीज के संपर्क में आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने यह निर्णय लिया। ये सभी कर्मचारी मरीज के उपचार में शामिल थे।
18 अप्रैल को एक मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ था। पांच डॉक्टर सहित कई स्वास्थ्य कर्मचारी मरीज के उपचार में शामिल थे। सांस लेने में तकलीफ आदि परेशानियां होने पर जब कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सभी कर्मचारियों को एहतियात के तौर पर क्वारंटीन किया है। 

विज्ञापन

लोकनायक में कल से शुरू होगी रसोई

लोकनायक अस्पताल में सोमवार से रसोई शुरू होगी। यहां एक कर्मचारी के संक्रमित मिलने के कारण रसोई को बंद कर दिया था। इसके चलते मरीजों के लिए खाना बाहर से मंगवाना पड़ रहा था। इसके अलावा अब तक 55 लोगों की जांच हो चुकी है, जिनमें से ज्यादातर की रिपोर्ट निगेटिव मिली है, इसलिए प्रशासन ने अस्पताल की रसोई को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। 

जीटीबी में एक डॉक्टर संक्रमित, 25 क्वारंटीन
जीटीबी अस्पताल के सर्जरी विभाग में एक डॉक्टर के कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद अब तक 25 स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया जा चुका है। रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगों को रखते हुए पीपीई किट, मास्क सहित तमाम सुरक्षा इंतजाम पर बात की, जिसे लेकर प्रबंधन ने मास्क, ग्लव्स और पीपीई किट उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। 

दिल्ली के 12 अस्पतालों में 90 से ज्यादा डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी कोरोना की चपेट में
सफदरजंग अस्पताल : सात डॉक्टर, एक नर्स 
एम्स : एक रेजीडेंट, दो नर्स 
लोकनायक अस्पताल : एक डॉक्टर, चार नर्स
स्टेट कैंसर अस्पताल : तीन डॉक्टर, 18 नर्स, चार मरीज, एक सुरक्षा गार्ड, एक तीमारदार
अपोलो अस्पताल : एक मेल नर्स 
जीटीबी अस्पताल : एक डॉक्टर 
जगप्रवेश अस्पताल : एक महिला डॉक्टर
मैक्स अस्पताल : तीन स्वास्थ्य कर्मचारी
गंगाराम अस्पताल : दो स्वास्थ्य कर्मचारी
महाराजा अग्रसेन अस्पताल : डॉक्टर सहित पांच स्वास्थ्य कर्मचारी
बाबू जगजीवन राम : 15 डॉक्टरों सहित 40 स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित 
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज : डॉक्टर व नर्स सहित 14 लोग संक्रमित 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें